-मुजफ्फरपुर में 2,000 की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम मार्च 2027 तक होगा तैयार, डीएम ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी ने जिला मुख्यालय स्थित एमआईटी के समीप निर्माणाधीन 2,000 दर्शकों की क्षमता वाले आधुनिक प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
करीब 3.12 एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के तैयार होने से जिलेवासियों को सांस्कृतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इसमें बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को 31 मार्च 2027 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए तेजी से काम कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने पर जोर दिया।
ऑडिटोरियम के निर्माण से मुजफ्फरपुर में बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास होगा और जिले की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई सुविधा मिलेगी।












