-छठ में अर्घ्य के लिए सजा भंवर पोखर, दिखेगी शिव तांडव की झांकी
-पार्क को सजाने के साथ छठव्रतियों के स्वागत के लिए बन रहा तोरणद्वार
पटना/ललितेश्वर। राजधानी पटना के बाकरगंज स्थित भंवर पोखर में भी छठ महापर्व पर अर्घ्य के लिए तैयारी जोरों पर है।यहां पूर्व में निर्मित दो पक्के तालाब की फिनिशिंग कर चकाचक कर दिया गया है। पहले अर्घ्य के दिन दोनों तालाब में पानी भरा जाएगा जिसमें छठव्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने परिवार, समाज और देश में खुशहाली की कामना करेंगे। मुख्य सड़क से लेकर पार्क स्थित छठ घाट तक छठव्रतियों के स्वागत में पंडाल की शक्ल में तोरणद्वार का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है।

पहले अर्घ्य के दिन शाम चार बजे से लेकर दूसरे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक यहां भव्य जागरण का कार्यक्रम होगा जिसमें शिव तांडव की झांकी मुख्य आकर्षण होगी। इसके लिए मुख्य मंच भी बनकर तैयार है। यहां पोखर के जीर्णोद्धार से लेकर सजावट का काम करा रहे वार्ड नंबर _39 के पार्षद राहुल कुमार यादव ने बताया कि खरना के दिन ही सजावट का काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पोखर निर्माण से लेकर सजावट का काम नगर निगम की ओर से कराया जाता है लेकिन इसमें खर्च राशि का करीब 50 फीसद अपना लगाना पड़ता है क्योंकि विशेष सजावट, लाइट के प्रबंध से लेकर कार्यक्रम का आयोजन अपने स्तर से करना पड़ता है। यहां लोहानीपुर, सलीमपुर, दरियापुर से भी छठव्रती अर्घ्य देने आते हैं।












