Advertisement

पूर्वी चंपारण में डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 10.550 किलो गांजा के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

-पूर्वी चंपारण में डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 10.550 किलो गांजा के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर कुंवारी देवी चौक के पास छापेमारी कर 10.550 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से गांजा तस्करी में शामिल पांच आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, डीआरआई की टीम को सूचना मिली थी कि कुंवारी देवी चौक के पास गांजे की खरीद-बिक्री होने वाली है। इसके बाद अधिकारियों की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही तस्कर गांजे की खरीद-बिक्री में जुटे, टीम ने छापेमारी कर सभी पांचों को पकड़ लिया।


कार्रवाई के दौरान टीम ने 10.550 किलोग्राम गांजा, 45 हजार रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें जब्त कीं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के टिकुलिया निवासी भुलन कुमार, श्याम कुमार और गुलशन कुमार के अलावा गोविंदगंज सरेया निवासी मुकेश साह तथा सरेया खास निवासी राधेश्याम सहनी के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपितों से इलाके में सक्रिय मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद डीआरआई की टीम ने सभी पांचों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।