-बिहार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी बने शिवहर के एसपी
-शिवहर के एसपी शैलेंद्र सिंह को खगड़िया की कमान
-भानु प्रताप सिंह को पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश
पटना। बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण एवं अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। चार नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) मो. मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
अधिसूचना के मुताबिक, शिवहर के वर्तमान एसपी शैलेंद्र सिंह का तबादला खगड़िया कर दिया गया है। वहीं, खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना के समादेष्टा अपराजीत को राज्यपाल का परिसहाय (पुलिस), राज्यपाल सचिवालय, बिहार, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना की समादेष्टा ममता कल्याणी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 के समादेष्टा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
मुजफ्फरपुर में नए सिटी एसपी की तैनाती का इंतजार:
इस फेरबदल का असर मुजफ्फरपुर पुलिस प्रशासन पर भी पड़ेगा। सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी के शिवहर स्थानांतरण के बाद अब जिले में नए नगर पुलिस अधीक्षक की तैनाती को लेकर निगाहें टिकी हैं। उनके स्थान पर किस अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाएगी, इसे लेकर पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना राज्यपाल के आदेश से निर्गत की गई है। इस प्रशासनिक बदलाव के बाद संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के तहत कार्यभार संभालना होगा।










