Advertisement

ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करे बिहार सरकार, 15 सूत्री मांगों को लेकर लोकमंच ने निकाली मौन संकल्प पदयात्रा

-ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करे बिहार सरकार, 15 सूत्री मांगों को लेकर लोकमंच ने निकाली मौन संकल्प पदयात्रा

पटना/ललितेश्वर। बिहार में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करने, परशुराम जयंती एवं अक्षय तृतीया पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने और स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की पटना में आदमकद प्रतिमा स्थापित करने सहित 15 सूत्री मांगों को लेकर सामाजिक संस्था लोकमंच ने रविवार को मौन संकल्प पदयात्रा निकाली। पदयात्रा मिलर हाईस्कूल मैदान से शुरू होकर शहीद स्मारक पहुंची। यहां लोकमंच के संस्थापक अध्यक्ष आशीष कुमार उर्फ बब्बू झा समेत उपस्थित सदस्यों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले मिलर हाईस्कूल मैदान में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने वर्तमान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों में ब्राह्मण समाज की सरकारी उपेक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने बिहार सरकार से इस संबंध में श्वेत पत्र जारी करने और समाज को उचित भागीदारी देने की मांग की।

लोकमंच ने कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तर्ज पर बिहार में भी ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग की। इसके साथ ही केंद्र स्तर पर सवर्ण आयोग के गठन, गोस्वामी गिरि दशनामी ब्राह्मण समाज के वर्गीकरण में समानता लाने तथा आरक्षण संबंधी प्रावधानों में उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई गई।

वक्ताओं ने ब्राह्मण सहित सवर्ण समाज के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को भी अन्य आरक्षित वर्गों के बच्चों की तर्ज पर निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर मिलना चाहिए।

पदयात्रा के समापन के बाद लोकमंच के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी 15 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सरकार को सौंपा। संस्था ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की।