Advertisement

लोकतंत्र को मजबूत बनाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : सम्राट चौधरी

-लोकतंत्र को मजबूत बनाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : सम्राट चौधरी

-पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद-2.0 का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
-सक्षम लोगों से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील

पटना(दीपक तिवारी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र की जड़ें बिहार की धरती से जुड़ी हैं। इसे मजबूत बनाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। लोकतंत्र में जनता मालिक होती है और सरकार की जिम्मेदारी जनता की अपेक्षाओं एवं हितों के अनुरूप काम करना है। मुख्यमंत्री रविवार को पटना के गोला रोड स्थित ज्ञान निकेतन स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय ‘पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद-2.0’ का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। बिहार को समृद्ध और विकसित बनाने में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। युवा देश का भविष्य हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्था, भारतीय सभ्यता और संस्कृति को मजबूत बनाने में युवाओं को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने वर्ष 1974 के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज जेन-जी और जेन-अल्फा का दौर है। ऐसे में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करे सरकार:

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है और जनता की आवाज सर्वोपरि होती है। जनता ने सरकार को काम करने का अवसर दिया है, इसलिए जनहित में निर्णय लेना सरकार की जिम्मेदारी है। कानूनों और नीतियों की समय-समय पर समीक्षा भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं, विशेषकर युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाने वाली सरकार को ही जनता का विश्वास और समर्थन मिलता है।

सक्षम लोगों से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील:

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गरीब से लेकर अमीर तक सभी परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ दिया जा रहा है। राज्य सरकार बिजली सब्सिडी पर लगभग 23 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने सक्षम, संपन्न और आयकर देने वाले लोगों से स्वेच्छा से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने और राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बताया सफलता का आधार:

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान अर्जन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सफलता एवं समृद्धि का वास्तविक आधार है। बिहार में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से चार लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित अन्य उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को इससे लाभ मिलता है। उन्होंने राज्य में विश्वविद्यालयों की स्थापना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहायता उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल माध्यमों के उपयोग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और ज्ञान के माध्यम से ही युवा आगे बढ़ सकते हैं। युवाओं को अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और देश के विकास में करना चाहिए।

हर वर्ष युवा संसद आयोजित करने का आह्वान:

मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद के संस्थापक सायन कुणाल और सांसद शांभवी चौधरी को इस आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बिहार में प्रत्येक वर्ष पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद आयोजित करने का आह्वान किया, ताकि युवाओं को लोकतंत्र, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सांसद शांभवी चौधरी और पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद के संस्थापक सायन कुणाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी स्वर्गीय आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आयोजन समिति से जुड़े लोगों को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, विधायक विशाल प्रशांत, सीबीएसई पटना के क्षेत्रीय पदाधिकारी जंगम सुनील कुमार, ज्ञान निकेतन स्कूल के प्राचार्य शैलेन्द्र मोहन झा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा उपस्थित थे।