Advertisement

समाज संगठित होगा तभी सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ सकेंगे : अनिता साह

-समाज संगठित होगा तभी सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ सकेंगे : अनिता साह

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। समाज में एकता और संगठन के बल पर ही राजनीतिक, शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में प्रगति संभव है। इसलिए समाज के लोगों को संगठित होना जरूरी है। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिता साह ने तेली कल्याण समाज नेपाल, धनुषा की ओर से दशहरा, दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर आयोजित शुभकामना आदान-प्रदान कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में कहीं।

उन्होंने कहा कि मधेश में यादव समुदाय के बाद तेली समाज की आबादी सबसे अधिक है, लेकिन राजनीतिक क्षेत्र में समाज अपेक्षाकृत पीछे है। इसका प्रमुख कारण समाज का संगठित नहीं होना है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी खींचतान छोड़कर एकजुट होने की अपील की। अनिता साह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास हुआ है, लेकिन आबादी के अनुपात में साक्षरता दर अभी भी कम है। महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बेटियों को शिक्षित करना जरूरी है। उन्होंने दहेज प्रथा और अंधविश्वास जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने पर भी जोर दिया।

ललित साह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संविधान सभा सदस्य एवं पूर्व संघीय राज्य मंत्री अरविंद साह, नेकपा माओवादी के संसदीय दल के नेता तथा मधेश प्रदेश के पूर्व गृह, कानून एवं संचार मंत्री भरत साह, धनुषा जिला विकास समिति के पूर्व सभापति राम चरित्र साह, राजर्षि जनक विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार प्रो. सत्य नारायण साह, पूर्व मेयर बजरंग प्रसाद साह, तेली कल्याण समाज नेपाल के महासचिव सत्य नारायण साह, शहीद गंगा लाल श्रेष्ठ हृदय रोग संस्थान, जनकपुरधाम के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार साह तथा राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता अंबू प्रसाद साह सहित समाज के कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।