Advertisement

सलहा गांव में दलित महिला से मारपीट का आरोप, भाकपा-माले ने की निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग

-सलहा गांव में दलित महिला से मारपीट का आरोप, भाकपा-माले ने की निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग

मुजफ्फरपुर/मुशहरी। मुशहरी प्रखंड के सलहा गांव में दलित महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर शनिवार को भाकपा-माले की जांच टीम ने पीड़िता ललिता देवी के घर पहुंचकर मामले की जांच की और ग्रामीणों से जानकारी ली। जांच के बाद पार्टी ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच करने और मामले के मुख्य आरोपित सहित सभी आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़िता ललिता देवी ने जांच टीम को बताया कि 21 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे वह दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान विनोद पासवान ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपित उन्हें अपने घर ले गया और वहां भी मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, इस दौरान उनका सिर फट गया और शरीर पर दांत से काटने के जख्म भी आए।

ग्रामीण दयाशंकर पासवान और चंदेश्वर पासवान ने जांच टीम को बताया कि घटना से दो दिन पहले दोनों परिवारों के बच्चों के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर विनोद पासवान और उसके परिवार के लोगों ने ललिता देवी के साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने आरोपित पर पूर्व में गाड़ी लूट और चोरी के मामलों में पकड़े जाने का भी आरोप लगाया।

भाकपा-माले की जांच टीम ने आरोप लगाया कि पीड़िता की ओर से पहले दिए गए आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। बाद में मुशहरी थाना में दूसरा आवेदन लिखवाकर हस्ताक्षर करा लिए गए और मुशहरी थाना कांड संख्या 371/2026 के तहत कमजोर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पार्टी ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए प्रशासन पर आरोपितों को बचाने का आरोप लगाया है।

भाकपा-माले ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कांड के मुख्य आरोपित विनोद पासवान सहित घटना में शामिल सभी लोगों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़िता को न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।

जांच टीम में भाकपा-माले के जिला सचिव उदय चौधरी, प्रखंड सचिव परमानंद पाठक, अशोक कुमार शर्मा और सुमंत झा शामिल थे। जांच के दौरान गांव के करीब 50 ग्रामीण भी मौजूद रहे। प्रेस विज्ञप्ति प्रखंड सचिव परमानंद पाठक की ओर से जारी की गई।