Advertisement

सऊदी अरब में ड्रोन हमले में नेपाली श्रमिक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

-सऊदी अरब में ड्रोन हमले में नेपाली श्रमिक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

-14 वर्षों से कर रहे थे काम, बैंक से 11 लाख रुपये का कर्ज लेकर बनवा रहे थे मकान; चार बच्चों के भविष्य की चिंता

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के ड्रोन हमले में नेपाल के महोत्तरी जिले के एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पिपरा गाउँपालिका-1, ढेकहा निवासी 45 वर्षीय भरत महतो के रूप में हुई है। उनकी मौत की सूचना मंगलवार को नेपाली दूतावास के माध्यम से परिजनों को मिली। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, भरत महतो सऊदी अरब में सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे। वह पिछले 14 वर्षों से वहां रहकर मजदूरी कर रहे थे। इसी कमाई से उन्होंने एक कट्ठा जमीन खरीदी थी और बैंक से 11 लाख रुपये का कर्ज लेकर मकान बनवा रहे थे। इसी बीच उनकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।

मृतक की पत्नी इंद्रिका देवी ने चिंता जताते हुए कहा कि अब बैंक की हर महीने 20 हजार रुपये की किस्त कैसे जमा होगी? चार बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की चिंता भी उन्हें सता रही है। परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बताया जा रहा है कि भरत महतो की कंपनी में काम करने की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी थी, लेकिन वह पिछले एक वर्ष से वहां काम कर रहे थे। ऐसे में परिवार को कंपनी से आर्थिक सहायता और बीमा राशि मिलने को लेकर भी आशंका है। हमले में उनके साथ एक दर्जन से अधिक भारतीय और पाकिस्तानी श्रमिकों की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है।

इस बीच नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भरत महतो के शव को स्वदेश लाने के लिए सऊदी अरब सरकार से संपर्क साधा है। परिजन शव के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। परिवार को उम्मीद है कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनकी मदद करेगी।