Advertisement

मुजफ्फरपुर में 27 से 31 अक्टूबर तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

-मुजफ्फरपुर में 27 से 31 अक्टूबर तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

-दरभंगा मोड़ से संगम घाट तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम

मुजफ्फरपुर। दरभंगा मोड़ से संगम घाट तक एनएचएआई के कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया है। 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक इस मार्ग पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग के साथ सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई भी होगी।

जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार, सुधा डेयरी से एसकेएमसीएच मोड़ तक आठ मीडियन कट को आवश्यकता के अनुसार खोला या बंद किया जाएगा। यहां डिवाइडर कोन और रस्सी लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहे। एनएचएआई के परियोजना निदेशक को शनि मंदिर और दरभंगा मोड़ के पास हाईवे लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

शनि मंदिर चौक के दोनों ओर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। इसके लिए कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी और जिला परिवहन पदाधिकारी के समन्वय से आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं, यातायात पुलिस उपाधीक्षक को शनि मंदिर से बैरिया तक ट्रॉली लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वालों पर भी सख्ती बरतने का फैसला किया है। जिला परिवहन पदाधिकारी को सड़क किनारे खड़े ट्रकों समेत अन्य वाहनों के खिलाफ चालान काटने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े रहने से जाम की समस्या बढ़ती है और यातायात संचालन प्रभावित होता है।

जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक से दरभंगा मोड़ से संगम घाट तक प्रत्येक एक किलोमीटर पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। एनएचएआई की ओर से निर्धारित खुले मीडियन कट पर भी पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने इलाके में सघन गश्ती करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुचारु रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।