Advertisement

नशामुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ, गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान

-नशामुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ, गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान

पटना, 27 अक्टूबर(दीपक तिवारी)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के अधिवेशन भवन में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ‘नशामुक्त बिहार अभियान’ का शुभारंभ किया। यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक राज्यभर में चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट और हेल्पलाइन की शुरुआत की। साथ ही, जन-जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन अगले एक महीने तक विभिन्न जिलों में ऑडियो-विजुअल माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के लाभों के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त बिहार का लक्ष्य हासिल करने के लिए अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना होगा। इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार तथा ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ नाटक, चौपाल और पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के साथ-साथ सूखे नशे के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाने की जरूरत है। नशे की लत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद कर सकती है। इसलिए युवाओं और विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में बिहार में 282 किलोग्राम चरस जब्त की गई थी, जबकि 2025 में यह मात्रा बढ़कर 400 किलोग्राम हो गई। इसी तरह हेरोइन की जब्ती 2024 के 42 किलोग्राम से बढ़कर 2025 में 65 किलोग्राम हो गई। वर्ष 2025 में 77 किलोग्राम अफीम भी जब्त की गई। उन्होंने पुलिस और मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों को तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा आधुनिक तकनीक की मदद से अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े विभिन्न जिलों के अधिकारियों एवं आम नागरिकों को नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने, दूसरों को जागरूक करने और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने में सहयोग देने की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने जीविका की लगभग 1.81 करोड़ दीदियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री मदन सहनी, संजय सिंह टाइगर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।