-दीपावली-छठ पर मुजफ्फरपुर से दिल्ली और यूपी के लिए नहीं चलेंगी निगम की बसें, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
मुजफ्फरपुर। दीपावली और छठ महापर्व पर घर आने-जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को इस बार परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की अनुबंधित बसों का परिचालन इस वर्ष त्योहारों के दौरान नहीं हो सकेगा। इसकी प्रमुख वजह अंतरराज्यीय बस परिचालन के लिए मिलने वाले सरकारी अनुदान का बंद होना बताया जा रहा है। इससे मुजफ्फरपुर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के लिए निगम की बसों से यात्रा करने की उम्मीद लगाए लोगों को झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार, निगम ने अंतरराज्यीय बस परिचालन के लिए टेंडर जारी किया है, लेकिन अब तक किसी निजी बस संचालक ने इसमें रुचि नहीं दिखाई है। पिछले वर्ष सरकार की ओर से अंतरराज्यीय बस परिचालन के लिए अनुदान दिया गया था, जिससे निजी बस संचालकों को आर्थिक राहत मिलती थी। इस वर्ष अनुदान समाप्त होने के कारण बस संचालक आगे नहीं आ रहे हैं। पिछले साल मुजफ्फरपुर से दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों के लिए करीब 40 एसी स्लीपर बसों का परिचालन हुआ था। इससे ट्रेन में टिकट नहीं मिलने वाले यात्रियों को घर पहुंचने में काफी सहूलियत मिली थी।
लंबी दूरी के लिए निगम के पास एसी-स्लीपर बसें नहीं:
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पास लंबी दूरी के अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए पर्याप्त एसी और स्लीपर बसें उपलब्ध नहीं हैं। निगम की डिलक्स बसों से लंबी दूरी की यात्रा करने में यात्री कम रुचि दिखाते हैं। ऐसे में परिचालन खर्च और ईंधन की लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता है। इसी कारण निगम बिना पर्याप्त व्यवस्था के अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने का जोखिम नहीं लेना चाहता।

निजी बस संचालक वसूल रहे मनमाना किराया:
दीपावली और छठ के दौरान ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने के कारण यात्री निजी बसों का सहारा ले रहे हैं। इसका फायदा उठाकर कई निजी बस संचालकों पर मनमाना किराया वसूलने के आरोप लग रहे हैं। बैरिया और एनएच-28 पर दरभंगा मोड़ के पास प्रतिदिन करीब एक दर्जन बसों से यात्री पहुंच रहे हैं। फिलहाल बसों में बहुत ज्यादा भीड़ की स्थिति नहीं है, लेकिन बड़ी संख्या में यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुक करा रखे हैं। वहीं, कुछ बस संचालकों द्वारा निर्धारित क्षमता से अधिक टिकट बुक करने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि अंतरराज्यीय बस परिचालन को लेकर मुख्यालय स्तर से टेंडर जारी किया गया है। इस संबंध में निर्णय मुख्यालय से ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से मिलने वाले निर्देश के अनुसार ही बसों का परिचालन किया जाएगा।











