-मुजफ्फरपुर में 31 अक्टूबर की रात से 2 नवंबर तक यातायात प्रतिबंध
-महाकालेश्वर मंदिर से करवला चौक तक सड़क का एक हिस्सा बंद
मुजफ्फरपुर। शहर में सीवरेज निर्माण कार्य के बाद सड़क रेस्टोरेशन को लेकर महाकालेश्वर मंदिर से करवला चौक तक सड़क के एक तरफ का यातायात अस्थायी रूप से बंद रहेगा। मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत होने वाले इस कार्य को देखते हुए 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि से 2 नवंबर की सुबह सात बजे तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। इस दौरान संबंधित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।

नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया है। साथ ही आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन का उद्देश्य सीवरेज निर्माण के बाद सड़क की मरम्मत का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराना है। यातायात प्रतिबंध के दौरान वाहन चालकों से अपील है कि वे संबंधित मार्ग पर जाने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखें और मौके पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।











