Advertisement

मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा की जमीन पर खुलेगा IOCL का पेट्रोल पंप, 50 बंदियों को मिलेगा रोजगार

-मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा की जमीन पर खुलेगा IOCL का पेट्रोल पंप, 50 बंदियों को मिलेगा रोजगार

मुजफ्फरपुर। शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा की जमीन पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) का पेट्रोल पंप खोला जाएगा। इसके लिए पुराने बाजार नाका और बाद में मिठनपुरा थाना के रूप में इस्तेमाल किए गए परिसर को चिह्नित किया गया है। अगले तीन से चार महीनों में यहां निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। पेट्रोल पंप के निर्माण पर तीन से पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस परियोजना से जेल प्रशासन की आमदनी बढ़ने के साथ बंदियों को रोजगार मिलने की भी उम्मीद है।

जमीन चिह्नित होने के बाद केंद्रीय कारा के अधीक्षक यूसुफ रिजवान ने मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार को पत्र लिखकर पुराने थाना परिसर में रखे जब्त वाहनों और अन्य सामान को जल्द हटाने का निर्देश दिया है, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में कोई बाधा नहीं आए। परिसर खाली होने के बाद इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की इंजीनियरिंग और प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी टीम स्थल का निरीक्षण करेगी।

राज्य सरकार के निर्देश पर मुजफ्फरपुर समेत प्रदेश की चार केंद्रीय काराओं की जमीन पर पेट्रोल पंप स्थापित करने की योजना है। इसके तहत मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में इंडियन ऑयल की ओर से पेट्रोल पंप खोले जाने हैं। प्रत्येक पेट्रोल पंप के लिए लगभग 1,225 वर्ग फुट जमीन की आवश्यकता निर्धारित की गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

इस परियोजना की खास बात यह है कि पेट्रोल पंप के संचालन में बंदियों को भी रोजगार का अवसर मिलेगा। कारा पेट्रोलियम रिटेल आउटलेट संचालन नियमावली के तहत चार पारियों में न्यूनतम 50 कर्मियों की आवश्यकता होगी। जेल प्रशासन के अनुसार, पेट्रोल पंप पर उन्हीं बंदियों को काम करने का अवसर दिया जाएगा, जिनका आचरण और व्यवहार अच्छा रहा हो तथा जिनकी सजा की अवधि लगभग पूरी होने वाली हो। इससे बंदियों को पारिश्रमिक मिलने के साथ समाज की मुख्यधारा में लौटने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पेट्रोल और डीजल की बिक्री से होने वाली आय पर जेल प्रशासन को कमीशन मिलेगा, जो सीधे संबंधित जेल प्रशासन के खाते में जमा होगा। जेल अधिकारियों के अनुसार, औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अगले तीन से चार महीनों में पेट्रोल पंप चालू करने का लक्ष्य है। भविष्य में परिसर में सीएनजी पंप स्थापित करने की योजना भी है, जिससे लोगों को पेट्रोल, डीजल के साथ सीएनजी की सुविधा मिल सकेगी।