-बेरुआ पंचायत में खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि जन कल्याण संवाद आयोजित, किसानों को दी गई वैज्ञानिक खेती की जानकारी
दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर)। प्रखंड की बेरुआ पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को रबी महाअभियान 2026 के तहत कृषि जन कल्याण संवाद सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक खेती, मिट्टी संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और कृषि विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
किसान सलाहकार सुनील कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना टिकाऊ खेती के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने किसानों को नियमित रूप से मिट्टी की जांच कराने, मिट्टी के स्वास्थ्य के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने और जैविक खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती की लागत कम करने के साथ फसल उत्पादन और किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है।

वहीं, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राजन झा ने कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने किसानों से पारंपरिक अनुभव के साथ आधुनिक कृषि विज्ञान का समन्वय करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक सुरेश कुमार, किसान सलाहकार ब्रजकिशोर प्रसाद, विनोद कुमार एवं कन्हैया कुमार, पैक्स अध्यक्ष ठाकुर विजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, मुखिया प्रतिनिधि राहुल सिंह, सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह, कचहरी सचिव राखी कुमारी और लेखपाल संदीप कुमार कर्ण सहित कई लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा किसान दीपक कुमार सिंह, अजय कुंवर, अमरनाथ ठाकुर, लखींद्र ठाकुर, संजू सिंह, रघुनाथ पासवान, इंदु देवी, रेखा देवी, केवला देवी, अंजली कुमारी, रागिनी कुमारी एवं रूपम देवी समेत बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ मिट्टी, संतुलित उर्वरक उपयोग और वैज्ञानिक खेती अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का संदेश दिया गया।











