-एनएच-27 किनारे गड्ढे में मिला अज्ञात वृद्ध का शव, इलाके में मचा हड़कंप
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन एनएच-27 पर काशीरामपुर पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को सड़क किनारे गड्ढे में एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने जांच के लिए कई साक्ष्य एकत्रित किए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्थानीय लोगों और राहगीरों की नजर सड़क किनारे गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने बोचहां थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा, सहायक थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह और सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

मृतक की उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष बताई जा रही है। उसने लुंगी और कुर्ता पहन रखा था। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर शव और आसपास के क्षेत्र से जरूरी नमूने एकत्रित कराए। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वृद्ध मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर सड़क किनारे घूमता दिखाई देता था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक एसकेएमसीएच की मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान परिजनों का पता चलने पर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में पहचान नहीं होने पर नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।












