-पटना यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर बने डॉ. अकल राम, सम्मान समारोह में बढ़ाया हौसला
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड मुख्यालय के पोस्ट ऑफिस चौक स्थित डॉ. अमोद कुमार के क्लीनिक परिसर में पटना यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर पद पर चयनित होने पर डॉ. अकल राम को सम्मानित करने के लिए समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले पवन कुमार को भी सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षाविदों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने दोनों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सक डॉ. अमोद कुमार ने की, जबकि संचालन शिक्षक राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. अकल राम और पवन कुमार को फूल-माला, अंगवस्त्र, कलम एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी तपसी प्रसाद सिंह ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए प्रोफेसर पद तक पहुंचना डॉ. अकल राम की मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने गरीबी को अपनी शिक्षा के मार्ग में बाधा नहीं बनने दिया। उनकी सफलता समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह शक्ति है, जिसके बल पर व्यक्ति समाज में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
शिक्षक राजेश कुमार ने कहा कि डॉ. अकल राम ने प्रोफेसर पद पर चयनित होकर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी मेहनत और निरंतर प्रयास से यह साबित कर दिया कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो गरीबी भी लक्ष्य प्राप्ति के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने बताया कि डॉ. अकल राम पहले से ही सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। गरीब और असहाय बच्चों के बीच पुस्तकें वितरित करना, उनकी पढ़ाई में सहयोग करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देना उनके कार्यों में शामिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी वे हमेशा बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करते रहे हैं।
सम्मान से अभिभूत प्रोफेसर डॉ. अकल राम ने कहा कि उनकी सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसमें लोगों के प्यार, आशीर्वाद और सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. अमोद कुमार, कैलाश राय, पवन यादव, मंटू कुमार, राजेश राम, अनिल कुमार, संजय कुशवाहा, सुनील कुमार गुप्ता, विजय कुमार, राज नारायण महतो, ओमनाथ गुप्ता, अभिषेक कुमार गोलू, बसकत राय, दिलीप राम, राधेश्याम प्रसाद, रविंद्र राय, पवन कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












