-मुशहरी हाट में धूमधाम से हुआ रावण दहन, राम-सीता और हनुमान की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
दीपक तिवारी | मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी हाट में विजयादशमी के अवसर पर दुर्गा पूजा समिति की ओर से रावण दहन कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे इलाके में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप में सजे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। हनुमान जी द्वारा लंका दहन की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके बाद भगवान श्रीराम ने रावण और कुंभकर्ण का वध किया। रावण दहन के दृश्य को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुशहरी थाना प्रभारी सुबोध कुमार मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद आनंद ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद राय, कोषाध्यक्ष श्याम कुमार, सचिव नंदू सहनी, समिति के सदस्य दिनेश राय और किशन कुमार सहित मुशहरी हाट के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रावण दहन के साथ ही लोगों ने बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक सौहार्द और सामुदायिक एकता की झलक देखने को मिली।












