Advertisement

मुजफ्फरपुर के 4.74 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 55.58 करोड़ रुपये

-मुजफ्फरपुर के 4.74 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 55.58 करोड़ रुपये

-बढ़ी पेंशन राशि से खुशी
-डीएम कुमार गौरव ने पेंशनधारियों को दी बधाई
-जीवन प्रमाणीकरण जल्द कराने की अपील

मुजफ्फरपुर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जिले के 4,74,585 लाभार्थियों के बैंक खातों में सितंबर माह की पेंशन राशि के रूप में 55 करोड़ 58 लाख 26 हजार 900 रुपये अंतरित किए गए। शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान यह राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किए जाने से वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों में खुशी का माहौल है।
जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,36,043 लाभार्थियों के खातों में 28 करोड़ 98 लाख 72 हजार 900 रुपये भेजे गए। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,47,554 लाभार्थियों को 16 करोड़ 26 लाख 70 हजार 100 रुपये मिले।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 32,811 लाभार्थियों को 3 करोड़ 68 लाख 86 हजार 900 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 2,760 लाभार्थियों को 30 लाख 40 हजार 400 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 30,395 लाभार्थियों को 3 करोड़ 49 लाख 6 हजार 800 रुपये तथा बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 25,022 लाभार्थियों को 2 करोड़ 84 लाख 49 हजार 800 रुपये का भुगतान किया गया।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सभी पेंशनधारियों को बधाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि जीवन प्रमाणीकरण से वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक पेंशन का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित होता है। डीएम ने शेष पेंशनधारियों से अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की, ताकि पेंशन का भुगतान नियमित रूप से जारी रह सके।