-पूसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आंधी-बारिश और वज्रपात का कहर, कई जगहों पर सड़कें बाधित
पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा परिसर में तेज हवा, बारिश और वज्रपात के कारण कई जगहों पर पेड़-पौधे उखड़कर सड़क पर गिर गए। वहीं, बिजली के पोल और तार गिरने से परिसर के विभिन्न मार्गों पर आवागमन बाधित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
प्रभावित स्थलों में किसान घर के समीप, मानस मंदिर, केंद्रीय विद्यालय, बोटैनिकल गार्डन, बैंक चौक, गर्ल्स स्कूल, कैंपस स्कूल और सामुदायिक भवन सहित अन्य स्थान शामिल हैं। इन जगहों पर पेड़-पौधों के साथ बिजली के पोल और तार सड़क पर गिरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

इस स्थिति से विश्वविद्यालय परिसर में आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों और आम लोगों के साथ-साथ प्रखंड मुख्यालय एवं अस्पताल जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है। बिजली के तार सड़क पर गिरने से सुरक्षा संबंधी खतरा भी उत्पन्न हो सकता है।
इसको लेकर भाकपा-माले नेता रौशन कुमार ने विद्युत विभाग और विश्वविद्यालय प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने संबंधित टीम भेजकर सड़कों पर गिरे पेड़-पौधों और बिजली के पोल को हटाने, बिजली के तारों को सुरक्षित करने तथा बाधित मार्गों पर आवागमन शीघ्र बहाल कराने की मांग की है।












