-मछली पकड़ने के दौरान बच्चे की आंख में लगी बंसी, गंभीर हालत
-एसकेएमसीएच रेफर
मुजफ्फरपुर। औराई थाना क्षेत्र की मथुरापुर बुजुर्ग पंचायत के सुंदरखौली गांव में गुरुवार को मछली पकड़ने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मछली पकड़ रहे बच्चों के पास खड़े पांच वर्षीय बच्चे की आंख में अचानक बंसी लग गई। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे तत्काल औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया।
जख्मी बच्चे की पहचान सुंदरखौली गांव निवासी कामोद सहनी के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोपहर में गांव के कुछ बच्चे मछली पकड़ रहे थे। आर्यन भी उनके पास खड़ा होकर मछली पकड़ते हुए देख रहा था। इसी दौरान अचानक मछली पकड़ने वाली बंसी उसकी आंख में जा लगी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को औराई सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. दिव्या प्रीति ने उसका प्राथमिक उपचार किया। आंख में बंसी लगने के कारण चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर एसकेएमसीएच रवाना हो गए।
इस घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मछली पकड़ते समय बंसी और उसके नुकीले कांटे से हादसा होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में बच्चों को मछली पकड़ते समय सावधानी बरतने और आसपास खड़े बच्चों को पर्याप्त दूरी पर रखने की जरूरत है।












