Advertisement

मुजफ्फरपुर में टीबी उन्मूलन के लिए जोश कार्यक्रम का राष्ट्रीय शुभारंभ, युवाओं की भागीदारी पर जोर

-मुजफ्फरपुर में टीबी उन्मूलन के लिए जोश कार्यक्रम का राष्ट्रीय शुभारंभ, युवाओं की भागीदारी पर जोर

मुजफ्फरपुर। टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने और इस अभियान में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को सदर अस्पताल, मुजफ्फरपुर के सभागार में जोश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, युवाओं और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जोश यानी स्वास्थ्य के लिए संयुक्त दल कार्यक्रम का राष्ट्रीय शुभारंभ भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा दिल्ली से किया गया। इसका सीधा प्रसारण सदर अस्पताल के सभागार में उपस्थित प्रतिभागियों ने देखा।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, सीडीओ, डीवीडीओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विश्व स्वास्थ्य संगठन के सलाहकार, मेरा भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट, टीबी से स्वस्थ हो चुके लोग, विकास सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि और राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की जिला टीम के सदस्य शामिल हुए।

इस दौरान टीबी उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने, आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और विभिन्न विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में टीबी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने, लोगों को बीमारी के लक्षणों एवं उपचार के प्रति जागरूक करने और टीबी से पीड़ित लोगों को सामाजिक सहयोग देने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने टीबी उन्मूलन अभियान को जन-आंदोलन बनाने और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।