-गायघाट में भारी मात्रा में स्मैक और 2.10 लाख रुपये बरामद, दो गिरफ्तार
दीपक कुमार/ गायघाट
गायघाट। गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में स्मैक, नकदी और मोबाइल फोन बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि हनुमान नगर गांव में अवैध मादक पदार्थ रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान शिवशंकर कुमार और अंशु कुमारी, दोनों गायघाट थाना क्षेत्र के निवासी, को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2,015 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन करीब 2.435 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा पुलिस ने 2 लाख 10 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में गायघाट थाना कांड संख्या 300/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है। छापेमारी टीम में गायघाट थाना प्रभारी जेपी गुप्ता, पूजा कुमारी समेत पुलिस अधिकारी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की मां और पत्नी को पूर्व में बेनीबाद थाना के एक मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा जा चुका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर स्मैक की आपूर्ति के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।











