Advertisement

शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण

-शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण

-अंतरंग तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल
-आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ यौन शोषण करने और बाद में उसकी अंतरंग तस्वीरें व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर सदर थाने में कांड संख्या 926/26 दर्ज किया गया है। मामले में नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र निवासी प्रिंस कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की तकनीकी एवं कानूनी जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह शहर के एक ऑटोमोबाइल शोरूम के सर्विस विभाग में काम करती है और सदर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। इसी दौरान उसकी पहचान प्रिंस कुमार से हुई। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती को अपने विश्वास में लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान धोखे से उसके अंतरंग फोटो और वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।


पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में शादी से मुकर गया। इसके बाद कथित तौर पर आरोपी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। बात नहीं मानने पर तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पहले आरोपी ने उसके पिता के मोबाइल पर भी आपत्तिजनक तस्वीरें भेज दीं। वहीं, 29 सितंबर को आरोपी उसके किराए के कमरे पर पहुंचा और कथित तौर पर जान से मारने तथा समाज में बदनाम करने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 76 और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच महिला पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।