Advertisement

बीएसएनएल कर्मियों ने 3rd PRC की मांग को लेकर की भूख हड़ताल, स्थापना दिवस समारोह से बनाई दूरी

-बीएसएनएल कर्मियों ने 3rd PRC की मांग को लेकर की भूख हड़ताल, स्थापना दिवस समारोह से बनाई दूरी

मुजफ्फरपुर। बीएसएनएल में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 3rd PRC (तीसरे वेतन पुनरीक्षण) की मांग को लेकर ऑल यूनियन एंड एसोसिएशन ऑफ बीएसएनएल (AUAB) के बैनर तले गुरुवार को आंदोलन के तीसरे चरण में एक दिवसीय भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन किया। मुजफ्फरपुर में आयोजित कार्यक्रम में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों समेत करीब 200 सदस्यों ने भाग लिया।
आंदोलन का नेतृत्व विभिन्न संगठनों के जिला अध्यक्ष एवं जिला मंत्रियों ने किया। कर्मचारियों ने कहा कि दो माह तक चलने वाले नौ चरणों के आंदोलन के तहत 3rd PRC लागू करने की मांग को लेकर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एक अक्टूबर को बीएसएनएल का स्थापना दिवस होने के बावजूद कर्मचारियों ने मांग पूरी नहीं होने के विरोध में स्थापना दिवस समारोह नहीं मनाने का निर्णय लिया।


AUAB के मुजफ्फरपुर संयोजक नंद किशोर सिंह ने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण में 28 सितंबर को ट्विटर अभियान चलाया गया था, जिसमें देशभर से करीब 41.5 हजार लोगों ने ट्वीट कर अपनी मांग रखी।
उन्होंने बताया कि बीएसएनएल कॉरपोरेट कार्यालय के 28 सितंबर के आदेश के अनुसार सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाला प्रतिमाह 1,000 रुपये का मेडिकल भत्ता भी एक अक्टूबर से बंद किया जा रहा है। इस फैसले को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों में भी नाराजगी है। संगठनों का कहना है कि कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के बाद ही पेंशन में बढ़ोतरी का प्रावधान है।
कार्यक्रम में उदय कुमार साह, वीरेंद्र कुमार, विनीत रंजन, अरुण कुमार चौधरी, एनके सिंह, मनोज कुमार, दीप्ति शिखा, आलोक प्रकाश और रूपेश कुमार चौधरी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।