-‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत मुख्यमंत्री ने शुरू किया स्वच्छता अभियान, बोले- स्वच्छ बिहार के निर्माण में हर व्यक्ति निभाए भूमिका
पटना, 1 अक्टूबर(दीपक/शालिनी)। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ के मूलमंत्र के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को लोक सेवक आवास के सामने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने स्वयं स्वच्छता कार्य में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति को समाज और राज्य को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए जनभागीदारी जरूरी है। लोगों को अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के साथ-साथ स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के जरिए ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित बिहार के संकल्प को साकार किया जा सकता है।












