-बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री रवाना, सांसद राधा मोहन सिंह ने दिखाई हरी झंडी
मोतिहारी।गोविन्दगंज और हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री और पेयजल से लदी गाड़ियों को सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने बुधवार को गांधी ऑडिटोरियम परिसर से रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि बाढ़ एक प्राकृतिक आपदा है और इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है। शासन-प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्य में जुटा है। इसी क्रम में भाजपा मोतिहारी द्वारा भी बाढ़ प्रभावितों तक पेयजल और जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। भाजपा कार्यकर्ता भी घर-घर सहायता पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राहत सामग्री गोविन्दगंज और हरसिद्धि के बाढ़ प्रभावित गांवों तक पहुंचाई जाएगी।
मौके पर बिहार मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, चंदन सिंह, सन्नी सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।












