Advertisement

गंडक के बढ़ते जलस्तर के बीच पानी में तैरते पहुंचे हिरण के तीन बच्चे, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

-गंडक के बढ़ते जलस्तर के बीच पानी में तैरते पहुंचे हिरण के तीन बच्चे, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

मुजफ्फरपुर/पारू। गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड क्षेत्र में जंगली जानवरों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार शाम ग्यासपुर पंचायत स्थित डाकघर के पास ग्रामीणों ने बाढ़ के पानी में तैरते हुए हिरण के तीन बच्चों को देखा। ग्रामीणों ने तीनों को सुरक्षित पकड़कर इसकी सूचना जिला वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीनों हिरण के बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वन विभाग के अनुसार, सभी हिरण के बच्चे फिलहाल सुरक्षित हैं। हालांकि, बाढ़ के पानी में बहकर आने के कारण उन्हें आंशिक चोटें आई हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पारू प्रखंड क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों से हिरण के बच्चों के बाढ़ के पानी में बहकर आने की सूचना मिली है। फतेहाबाद में भी एक हिरण का बच्चा मिला है। इस तरह जिले में अलग-अलग स्थानों से चार हिरण के बच्चों के मिलने की जानकारी सामने आई है।

दरअसल, पिछले तीन दिनों से गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण पारू क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ का असर अब इंसानों के साथ-साथ जंगली जानवरों पर भी दिखाई दे रहा है। सुरक्षित स्थान की तलाश में जंगली जानवर पानी के बहाव के साथ आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं।

वन विभाग की टीम हिरण के बच्चों का इलाज करा रही है। अधिकारियों के अनुसार, उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान किसी जंगली जानवर के आबादी क्षेत्र में पहुंचने पर उसे नुकसान न पहुंचाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।