Advertisement

एमडीडीएम कॉलेज में दिनकर जयंती पर काव्य-पाठ व भाषण प्रतियोगिता आयोजित

-एमडीडीएम कॉलेज में दिनकर जयंती पर काव्य-पाठ व भाषण प्रतियोगिता आयोजित

मुजफ्फरपुर। महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग में बुधवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अलका जायसवाल ने की। उन्होंने दिनकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दिनकर जनकवि होने के साथ राष्ट्रीयता के पोषक थे।

मुख्य वक्ता स्नातकोत्तर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश रंजन ने कहा कि दिनकर की सांस्कृतिक चेतना उच्च कोटि की थी। वे मूर्धन्य गद्यकार एवं पद्यकार होने के साथ राष्ट्रीय भावना के ओजस्वी गायक, क्रांति के उपासक, प्रेमवीणा के वादक और मानवता के संरक्षक थे। डॉ. आशा सिंह यादव ने उन्हें श्रेष्ठ प्रबंधकार, जबकि डॉ. रामदुलार सहनी ने जनता का कवि बताया। डॉ. रिंकु कुमारी ने कहा कि दिनकर हिंदी साहित्य के ‘दिनकर’ थे।

इस अवसर पर हिंदी विभाग की ओर से काव्य-पाठ एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें करीब 50 छात्राओं ने भाग लिया। काव्य-पाठ प्रतियोगिता में स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की दिव्य लता एवं स्नातक सप्तम सेमेस्टर की कुमारी तान्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोनिका कुमारी एवं नित्यांजलि कुमारी द्वितीय तथा राधा रानी एवं ममता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में भूमिका चंद्रा प्रथम, रूपा कुमारी द्वितीय और नैनसी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत दिनकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि से हुई। मंच संचालन अंजलि कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिखा कुमारी ने किया। मौके पर छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे।