Advertisement

रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा समन्वय समिति की हाई लेवल बैठक, तस्करी और अपराध पर संयुक्त कार्रवाई पर जोर

-रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा समन्वय समिति की हाई लेवल बैठक, तस्करी और अपराध पर संयुक्त कार्रवाई पर जोर

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ती चुनौतियों से निपटने और दोनों देशों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से रक्सौल आईसीपी के सभागार में भारत-नेपाल जिला स्तरीय सीमा समन्वय समिति की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेपाल के सीमावर्ती पर्सा और बारा जिलों के अधिकारियों के साथ बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के वरीय अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ जाली नोट, हथियार, ड्रग्स एवं नारकोटिक्स, शराब, तंबाकू और अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा सीमा पार होने वाले अपराधों पर रोक, मोस्ट वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी, विदेशी नागरिकों और संदिग्ध लोगों की अवैध आवाजाही रोकने तथा खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर भी विस्तार से विमर्श किया गया।


बैठक की संयुक्त अध्यक्षता पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी और पर्सा जिला के चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर (सीडीओ) ने की। अधिकारियों ने बैठक के बाद बताया कि वार्ता सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में हुई। दोनों पक्षों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान से सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
बैठक में पर्सा और बारा के सीडीओ सहित नेपाली अधिकारियों का शिष्टमंडल, पूर्वी चंपारण के डीएम और एसपी, पश्चिमी चंपारण के डीएम, बगहा के एसपी, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सदर एसडीओ मोतिहारी, एसडीओ रक्सौल, डीसीएलआर रक्सौल, एसडीपीओ, डीएफओ, उत्पाद अधीक्षक, एसएसबी कमांडेंट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।