Advertisement

गोविंद शर्मा हत्याकांड में डॉ. जैस्मीन और मनीष के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट, शूटर राजा के विरुद्ध इश्तेहार का आदेश

-गोविंद शर्मा हत्याकांड में डॉ. जैस्मीन और मनीष के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट, शूटर राजा के विरुद्ध इश्तेहार का आदेश

मुजफ्फरपुर। शहर के चर्चित गोविंद शर्मा हत्याकांड में पुलिस और न्यायिक कार्रवाई तेज हो गई है। मामले में फरार चल रहे पटना निवासी डॉ. जैस्मीन परवीन और पुरानी गुदरी निवासी मनीष कुमार के खिलाफ अदालत ने गैर जमानतीय वारंट जारी किया है। वहीं, साहेबगंज निवासी मुख्य शूटर राजा सिंह के खिलाफ इश्तेहार जारी करने का आदेश दिया गया है।
मामले के अनुसंधानक सह जांच अधिकारी इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह ने फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में अर्जी दाखिल की थी। अर्जी पर सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट तथा राजा सिंह के खिलाफ इश्तेहार जारी करने का आदेश दिया।


जानकारी के अनुसार, गत 31 मई की देर रात छोटी कल्याणी स्थित एक अपार्टमेंट में गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक की पत्नी ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कुमार रणंजय ओंकार, बबलू चौधरी और गोविंद की कथित प्रेमिका डॉ. जैस्मीन परवीन को नामजद किया था।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मुख्य आरोपित कुमार रणंजय ओंकार, रविकांत उर्फ बाबुल चौधरी और सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस फरार आरोपितों डॉ. जैस्मीन परवीन, मनीष कुमार और कथित मुख्य शूटर राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।