-रिजल्ट में गड़बड़ी और उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पीजी छात्रों ने निकाला जुलूस, एक सप्ताह में समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अराजकता, रिजल्ट में गड़बड़ी, उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराने और छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर मंगलवार को स्नातकोत्तर सत्र 2024-26 एवं 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में जुलूस निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
छात्र विश्वविद्यालय के धरना स्थल से जुलूस की शक्ल में निकले और प्रशासनिक भवन होते हुए कुलपति आवास तक पहुंचे। इस दौरान छात्रों ने रिजल्ट में गड़बड़ी दूर करने, प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट क्लियर करने, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन एवं उन्हें छात्रों को उपलब्ध कराने, आर्थिक और मानसिक शोषण बंद करने समेत अन्य मांगों को लेकर नारे लगाए।

छात्रों की प्रमुख मांग है कि मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं 10 दिनों के अंदर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि रिजल्ट में हुई कथित गड़बड़ी की वास्तविकता सामने आ सके। इसके साथ ही छात्रों ने जनवादी तरीके से छात्रसंघ चुनाव अविलंब कराने की मांग भी उठाई।
जुलूस के बाद छात्रों ने कुलपति आवास पहुंचकर मांग-पत्र सौंपा। छात्रों के अनुसार, कुलपति की ओर से उन्हें बताया गया कि उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जा रहा है और इसके बाद रिजल्ट प्रकाशित किया जाएगा। हालांकि छात्रों ने पहले मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। छात्रों ने कहा कि कुलपति ने सीधे वार्ता करने के बजाय अधिकारियों के माध्यम से आश्वासन दिया, जिससे उनमें नाराजगी है।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर रिजल्ट की समस्या का समाधान नहीं किया गया और इसके कारण छात्र अगले सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने से वंचित होते हैं, तो चरणबद्ध तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) के जिला अध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन में अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन में रंजन कुमार यादव, प्रकाश कुमार, राहुल कुमार समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।












