-Breaking: भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 990 किलो यूरिया जब्त
नेपाल ले जाई जा रही थी खाद की खेप, एक तस्कर गिरफ्तार; चार साइकिल भी बरामद
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 990 किलोग्राम यूरिया खाद जब्त की है। कार्रवाई के दौरान जवानों ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि कई अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में सीमा चौकी अगरवा की नाका पार्टी को खाद की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जवानों ने सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान कुछ लोग साइकिलों पर और सिर पर बोरियां रखकर भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए।
एसएसबी जवानों को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बोरियां छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि जवानों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जयलाल राय (45), निवासी अगरवा, थाना जितना, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।

पूछताछ में जयलाल राय ने खाद को नेपाल में बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। वह खाद से संबंधित कोई वैध कागजात भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
एसएसबी ने मौके से 22 बोरी यूरिया खाद, प्रत्येक बोरी में 45 किलो, कुल 990 किलोग्राम, तथा चार साइकिल जब्त की हैं। जब्त खाद और साइकिल को अग्रिम कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, रक्सौल में जमा करने की प्रक्रिया की जा रही है।












