-गंगा के बढ़े जलस्तर के बीच कोनहारा घाट पर शवदाह की वैकल्पिक व्यवस्था, प्रशासन की लगातार निगरानी
हाजीपुर। गंगा नदी के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन ने कोनहारा घाट स्थित श्मशान घाट पर शवदाह की वैकल्पिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निगरानी तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशन में संबंधित पदाधिकारियों ने विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वर्तमान में विद्युत शवदाह गृह में एक साथ आठ शवों का शवदाह किया जा रहा है और शवदाह की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बड़ी समस्या नहीं है। हालांकि, कभी-कभी एक-दो शवों के शवदाह के लिए थोड़े समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
गंगा नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए नगर परिषद, हाजीपुर की ओर से विद्युत शवदाह गृह परिसर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से शवदाह से संबंधित संभावित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी के पूर्व निर्देश के आलोक में कोनहारा घाट स्थित श्मशान घाट की नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है। पर्याप्त संख्या में मजदूरों की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ जेसीबी के माध्यम से भी लगातार सफाई कार्य कराया जा रहा है, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो।
जिला प्रशासन के अनुसार, विद्युत शवदाह गृह की स्थापना एवं रख-रखाव का कार्य करने वाली एजेंसी की रख-रखाव अवधि वर्ष 2025 में समाप्त हो गई थी। प्रशासन ने संबंधित एजेंसी से समन्वय स्थापित किया है। एजेंसी द्वारा आवश्यक मशीनरी और उपकरण दूसरे राज्य से मंगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने आगामी 10 दिनों के भीतर विद्युत शवदाह गृह को पुनः क्रियान्वित करने का लक्ष्य रखा है।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। वैकल्पिक शवदाह व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की सतत निगरानी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद हाजीपुर एवं डीपीओ, नमामि गंगे, वैशाली द्वारा की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शवदाह व्यवस्था से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06224-260233 या 06224-260234 पर तत्काल संपर्क करें।














