-पीरापुर मिडिल स्कूल के पीछे झाड़ियों से 85.845 लीटर विदेशी शराब बरामद, धंधेबाज फरार
मुजफ्फरपुर/बंदरा, 8 सितंबर। पियर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 85.845 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। शराब की खेप पीरापुर मिडिल स्कूल के पीछे स्थित झाड़ियों में छिपाकर रखी गई थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही धंधेबाज मौके से फरार हो गए।
पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पीरापुर मिडिल स्कूल के पिछले हिस्से में बिक्री के उद्देश्य से विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर भेजी गई। टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान स्कूल के पीछे घनी झाड़ियों में छिपाकर रखे गए विदेशी शराब के कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर पियर थाना लाया, जहां विधिवत गिनती करने पर कुल 85.845 लीटर विदेशी शराब पाई गई।
छापेमारी के दौरान किसी धंधेबाज की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस अब जब्त शराब के आधार पर तस्करों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि शराब की खेप किसने मंगाई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। स्थानीय स्तर पर भी संदिग्ध कारोबारियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब कारोबारियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के साथ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।














