-यूजीसी-नेट में प्रबंधन विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों की शानदार सफलता
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के प्रबंधन विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने यूजीसी-नेट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और विभाग का गौरव बढ़ाया है। परीक्षा में विभाग के कई विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने अलग-अलग श्रेणियों में सफलता हासिल की है।
विभाग के सत्र 2025-27 के विद्यार्थियों वरुण गिरि एवं मुस्कान कुमारी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता के लिए यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं अंकित मिश्रा, रोहित कुमार एवं प्रकाश श्रीवास्तव ने पीएचडी प्रवेश के लिए यूजीसी-नेट में सफलता प्राप्त की है।

इसके अतिरिक्त विभाग के शोधार्थी रितेश कुमार एवं उत्सव जनप्रिया ने भी असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता के लिए यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण शोध के प्रति विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी निरंतर परिश्रम और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
विभागाध्यक्ष प्रो. सपना सुगंधा ने भी सभी सफल विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभाग के लिए गर्व का विषय है। विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास का यह परिणाम अन्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर प्रो. सरोज रंजन, डॉ. शिवेंद्र सिंह, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. श्रीनिवास बालागोनी, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. राजीव रंजन चौबे एवं प्रसून श्रीवास्तव ने भी सफल विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











