Advertisement

नेपाल में भीषण बाढ़ से तबाही, मृतकों की संख्या 410 पहुंची; 1500 लोग लापता

-नेपाल में भीषण बाढ़ से तबाही, मृतकों की संख्या 410 पहुंची; 1500 लोग लापता

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल में भोटेकोसी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ और इससे जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 410 पहुंचने की बात सामने आई है। वहीं, विदेशी और भारतीय पर्यटकों समेत करीब 1500 लोगों के लापता होने की सूचना है। लापता लोगों की तलाश में नेपाली सेना और नेपाल प्रहरी की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
मधेश प्रदेश में भी सौ से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना है। इनमें सबसे अधिक सप्तरी जिले के 24 लोग बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पर्सा के 19, बारा के 19, महोत्तरी के 10, सर्लाही के नौ, रौतहट के तीन और धनुषा के दो लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई है।

बाढ़ के बाद अपने परिजनों से संपर्क टूटने से परिवारों में चिंता का माहौल है। लोग राहत और बचाव दलों के पास अपने लापता परिजनों की तस्वीरें लेकर पहुंच रहे हैं और सेना तथा प्रहरी के जवानों से उनकी तलाश करने की गुहार लगा रहे हैं। परिजन इस उम्मीद में हैं कि किसी तरह उनके सगे-संबंधियों के सुरक्षित होने की खबर मिल जाए।
इसी बीच शुक्रवार सुबह एक राहत भरी खबर सामने आई। त्रिशूली नदी पर निर्माणाधीन हाइड्रो पावर स्टेशन में कार्यरत 77 भारतीय अभियंताओं के सकुशल मिलने की सूचना है। भोटेकोसी नदी में बाढ़ आने के बाद इन अभियंताओं से संपर्क टूट गया था, जिससे उनके परिजनों और संबंधित अधिकारियों की चिंता बढ़ गई थी।
वहीं, त्रिवेणी बाजार स्थित एक मदरसे से छह मौलवी और करीब 50 छात्रों के भी लापता होने की सूचना है। सेना और नेपाल प्रहरी की टीमें लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव कार्य में लगी हुई हैं। लगातार खराब परिस्थितियों के बीच प्रशासन प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।