Advertisement

मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में 76 वर्षीय सजायाफ्ता कैदी की मौत, SKMCH में चल रहा था इलाज

-मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में 76 वर्षीय सजायाफ्ता कैदी की मौत, SKMCH में चल रहा था इलाज

मुजफ्फरपुर। शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में बंद 76 वर्षीय सजायाफ्ता कैदी हरिश्चंद्र राय की बुधवार दोपहर श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कमरगामा गांव के निवासी थे।

जेल प्रशासन के अनुसार, कल्याणपुर थाने में दर्ज वर्ष 2021 के मारपीट, हत्या और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद हरिश्चंद्र राय को सजा काटने के लिए समस्तीपुर जेल से मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा में स्थानांतरित किया गया था।

हरिश्चंद्र राय लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें पुरानी पैरालिसिस, गॉलब्लैडर स्टोन, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) और तेज बुखार की शिकायत थी। स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने पर कारा चिकित्सक की सलाह से उन्हें 15 अगस्त को पुलिस अभिरक्षा में SKMCH के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, बुधवार दोपहर करीब 3:05 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

कैदी की मौत के बाद जेल अधीक्षक युसूफ रिजवान ने पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजकर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया। प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव का पंचनामा और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की गई।

इसके बाद मेडिकल बोर्ड का गठन कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कानूनी पारदर्शिता और मानवाधिकार मानकों को ध्यान में रखते हुए पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

अस्पताल और पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी एवं कागजी प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद मृतक कैदी का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया।