-अहियापुर में बाइक सवार बदमाशों ने युवक से झपटा बैग
-मोबाइल और 15 हजार नकद समेत सामान गायब
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों का आतंक लगातार जारी है। आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल है। ताजा घटना में डॉक्टर से इलाज कराकर घर लौट रहे एक युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और सामान से भरा बैग झपटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में पीड़ित की लिखित शिकायत पर अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सिवाइपट्टी थाना क्षेत्र के सिरसिया बुजुर्ग निवासी धीरेंद्र कुमार 20 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे डॉक्टर से इलाज कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह अहियापुर थाना क्षेत्र के विश्वनाथ हाट के समीप मुख्य सड़क पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके हाथ से सामानों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार, बैग में ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, करीब 15 हजार रुपये नकद, पर्स और कई जरूरी कागजात रखे हुए थे। पीड़ित ने चोरी गए सामानों और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलते ही अहियापुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उनके बारे में सुराग जुटाया जा सके। पुलिस बाइक सवार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इधर, अहियापुर थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही झपटमारी और चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नाराजगी के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।












