Advertisement

अंतिम सोमवारी पर बदला मुजफ्फरपुर का ट्रैफिक रूट

-अंतिम सोमवारी पर बदला मुजफ्फरपुर का ट्रैफिक रूट

-मधौल से गोबरसही होकर शहर में प्रवेश

मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला 2026 की अंतिम सोमवारी को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने नया रूट चार्ट जारी किया है। इसके तहत बाइक से आने वाले श्रद्धालुओं को मधौल से न्यू बाईपास होते हुए गोबरसही के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। न्यू बाईपास से मुजफ्फरपुर की ओर आने वाले अन्य वाहनों को भी गोबरसही होकर ही शहर में प्रवेश करना होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए छह स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें मुजफ्फरपुर क्लब मैदान, इमलीचट्टी बस स्टैंड, बीबी कॉलेजिएट स्कूल, आरडीएस कॉलेज मैदान, आरडीएस रेलवे स्टेशन परिसर और एलएस कॉलेज मैदान शामिल हैं। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है।


यातायात व्यवस्था के तहत मधौल लिची स्टैच्यू से रामदयालु गुमटी की ओर वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। हालांकि, आपातकालीन वाहनों को आवश्यकतानुसार प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।