Advertisement

गायघाट के शिवदाहा पंचायत में नल-जल योजना बदहाल, कई वार्डों में पानी की सप्लाई ठप

-गायघाट के शिवदाहा पंचायत में नल-जल योजना बदहाल, कई वार्डों में पानी की सप्लाई ठप

दीपक कुमार / गायघाट
गायघाट प्रखंड अंतर्गत शिवदाहा पंचायत में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना की स्थिति बदहाल बनी हुई है। पंचायत के कई वार्डों में योजना के तहत लगाए गए नल और जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है, जबकि कई जगहों पर लोगों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, गायघाट प्रखंड के 152 वार्डों में नल-जल योजना का कार्य शुरू कराया गया था। इनमें दर्जनों वार्डों में योजना या तो पूरी तरह बंद हो चुकी है या फिर अनियमित जलापूर्ति के कारण ग्रामीणों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के रखरखाव और निगरानी में अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।


ग्रामीणों का कहना है कि योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन धरातल पर कई जगहों पर यह योजना महज कागजों तक सीमित होकर रह गई है। शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान को लेकर गंभीर पहल नहीं होने का भी ग्रामीणों ने आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से बंद पड़े नल-जल संयंत्रों की जांच कराने, खराब उपकरणों की मरम्मत कराने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही योजना में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
इस संबंध में गायघाट बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।