Advertisement

चांदनी चौक पर महिला को लिफ्ट का झांसा देकर बैग बदला, 1.50 लाख के गहने और नकदी लेकर फरार

-चांदनी चौक पर महिला को लिफ्ट का झांसा देकर बैग बदला, 1.50 लाख के गहने और नकदी लेकर फरार

मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक पर बदमाशों ने एक महिला को लिफ्ट देने का झांसा देकर उसके बैग की अदला-बदली कर करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और पांच हजार रुपये नकद उड़ा लिए। पीड़ित महिला की पहचान वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के महम्मदाबाद निवासी रीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद उन्होंने ब्रह्मपुरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
बताया गया कि रीता देवी शिवहर से लौटने के बाद चांदनी चौक पर हाजीपुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान कुछ अज्ञात बदमाश उनके पास पहुंचे और बातचीत में उलझाते हुए हाजीपुर जाने वाली चारपहिया गाड़ी में बैठाने का झांसा दिया। इसके बाद उन्हें सड़क की दूसरी लेन में ले जाया गया। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने चालाकी से अपना एक बैग महिला को थमा दिया और उनके पास मौजूद बैग अपने कब्जे में ले लिया।
महिला के बैग में सोने की चेन, टीका और बाली समेत करीब 1.50 लाख रुपये के आभूषण और पांच हजार रुपये नकद थे। कुछ देर बाद जब महिला ने बैग देखा तो उसमें अपना सामान नहीं पाया। तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दी।


ब्रह्मपुरा थानेदार विपिन कुमार रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाशों ने महिला को लिफ्ट देने के बहाने अपने जाल में फंसाया और धोखाधड़ी कर उसका बैग लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आई है। फुटेज में महिला बदमाशों के साथ एक बाइक पर ट्रिपल लोडिंग बैठकर जाती हुई दिखाई दे रही हैं। पुलिस बाइक के नंबर और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
पीड़िता के दामाद के पुलिस विभाग में कार्यरत होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी मामले को लेकर गंभीरता बढ़ गई है। पीड़िता ने पुलिस से अपने गहने और नकदी बरामद कराने के साथ आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।