Advertisement

मुजफ्फरपुर जंक्शन के पुराने मंदिरों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर दंड यात्रा पर निकले शिव भक्त का भव्य स्वागत

-मुजफ्फरपुर जंक्शन के पुराने मंदिरों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर दंड यात्रा पर निकले शिव भक्त का भव्य स्वागत

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में तोड़े गए पुराने शिव परिवार, पंचमुखी हनुमान और मां दुर्गा मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर दंड यात्रा कर रहे शिव भक्त रवि कुमार के मुजफ्फरपुर जिले में प्रवेश करने पर आंदोलनकारियों ने तुर्की थाना के समीप उनका भव्य स्वागत किया।
बताया गया कि रवि कुमार सोनपुर-पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए दंड यात्रा कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान “महादेव हम आएंगे, मंदिर मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में ही बनाएंगे” जैसे नारे भी लगाए गए।


मौके पर हिंदू पुत्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ ठाकुर ने कहा कि दंड यात्रियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और मेला प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने दंड यात्रियों के लिए अलग से स्पोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने तथा पूरे कांवरिया मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर अंधेरा रहने के कारण कांवरियों और दंड यात्रियों को परेशानी होती है।
सक्रिय आंदोलनकर्ता अनील कुमार ने कहा कि रवि कुमार यह दंड यात्रा निजी हित के लिए नहीं, बल्कि मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में टूटे मंदिरों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और मंदिर पुनर्निर्माण के संकल्प को लेकर की जा रही इस यात्रा के दौरान रवि कुमार का स्वास्थ्य लगातार गिर रहा है।
अनील कुमार ने जिला प्रशासन से दंड यात्री रवि कुमार के स्वास्थ्य को देखते हुए यात्रा मार्ग में स्वास्थ्य टीम और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अनील कुमार, ऋषभ ठाकुर, राहुल, विकास, जगदीश भट्ट, कुमार, साहिल कुमार, अनुज पटेल, कुमोद कुमार, सौरभ कुमार, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे।