-शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप और वैगनआर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
मुजफ्फरपुर। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई सकरा थाना क्षेत्र में, जबकि दूसरी कार्रवाई कुढ़नी थाना क्षेत्र में की गई।
पहली कार्रवाई में गुप्त सूचना के आधार पर चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सकरा थाना क्षेत्र के बाजी चौक पर एक महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या HR06 2A 7460 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से विदेशी शराब के ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड की 10 पेटियां बरामद की गईं।

शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने पिकअप चालक अजय कुमार, निवासी सोनीपत, हरियाणा और मोहम्मद जियाउल, निवासी चकसीकन, वैशाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और उसके गंतव्य के बारे में जानकारी जुटा रही है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई कुढ़नी थाना क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर अवर निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता और तारकेश्वर पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मारुति सुजुकी वैगनआर कार संख्या BR06Y7207 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
इस मामले में पुलिस ने वाहन चालक चंद्रदीप मांझी को गिरफ्तार किया है। पुलिस बरामद शराब और वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।












