Advertisement

पश्चिम चंपारण में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, ₹15 हजार रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगेहाथ गिरफ्तार

-पश्चिम चंपारण में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, ₹15 हजार रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगेहाथ गिरफ्तार

नरकटियागंज/पश्चिम चंपारण। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नरकटियागंज प्रखंड की मलदहिया पंचायत के पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय और पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के संवेदक परवेज कौशर ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके लंबित मेंटेनेंस भुगतान के एवज में पंचायत सचिव ने 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोप था कि रिश्वत नहीं देने पर भुगतान की प्रक्रिया जानबूझकर लंबित रखी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।


पूर्व निर्धारित योजना के तहत मलदहिया मदरसा में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान शिकायतकर्ता ने पंचायत सचिव को 15 हजार रुपये पहली किस्त के रूप में दिए। जैसे ही पंचायत सचिव ने रुपये स्वीकार किए, पहले से तैनात निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम ने पंचायत सचिव के आवास पर भी छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कागजात जब्त किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन दस्तावेजों की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी अन्य मामले में भी अनियमितता या भ्रष्टाचार के संकेत हैं या नहीं।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी कृपालचंद जायसवाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि नल-जल योजना के संवेदक से रिश्वत लेने के दौरान पंचायत सचिव को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।