-भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 50 हजार से अधिक के जाली नोटों के साथ दो युवक गिरफ्तार
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित धनुषा जिले के दुहबी बाजार में सोमवार को एसटीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये से अधिक के जाली भारतीय नोटों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया।
-
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार युवकों की पहचान दुहबी बाजार निवासी भरत महासेठ तथा बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड अंतर्गत भरचौरा गांव निवासी शिव कुमार राउत के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक नेपाल की ओर जा रहे थे, तभी संयुक्त टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में जाली नोट बरामद किए गए।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए हरलाखी थाना के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जाली नोटों का नेटवर्क कितना बड़ा है तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।












