Advertisement

राष्ट्रीय सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता के लिए मुजफ्फरपुर के दो खिलाड़ियों का चयन

-राष्ट्रीय सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता के लिए मुजफ्फरपुर के दो खिलाड़ियों का चयन

-जिले में खुशी की लहर

मुजफ्फरपुर। जिले के खेल जगत के लिए गर्व की बात है कि राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित होने वाली 42वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में मुजफ्फरपुर के दो होनहार तैराकों समायरा रमण और संस्कार रंजन का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 6 से 9 अगस्त तक सवाई मानसिंह स्टेडियम के स्विमिंग पूल में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
11–12 वर्ष आयु वर्ग में समायरा रमण बालिका वर्ग और संस्कार रंजन बालक वर्ग से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और शानदार प्रदर्शन के दम पर बिहार टीम में जगह बनाई है।


समायरा रमण ने हाल ही में आयोजित बिहार सब-जूनियर तैराकी चैंपियनशिप में 11–12 वर्ष आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। उनके इस प्रदर्शन ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन का मार्ग प्रशस्त किया।
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर मुजफ्फरपुर जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद, सचिव कुंदन राज, स्विमफिट अकादमी के संचालक आभास कुमार तथा नॉर्थ पॉइंट चिल्ड्रेन स्कूल की प्राचार्या मोनिदिपा मित्रा ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
जिले के खेल प्रेमियों और तैराकी समुदाय ने विश्वास जताया है कि समायरा रमण और संस्कार रंजन राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर मुजफ्फरपुर और बिहार का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे।