Advertisement

भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिंह ‘विजय बाबू’ का निधन, मुजफ्फरपुर-गायघाट में शोक की लहर

-भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिंह ‘विजय बाबू’ का निधन, मुजफ्फरपुर-गायघाट में शोक की लहर

मुजफ्फरपुर/गायघाट। भारतीय जनता पार्टी, मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ नेता एवं वर्ष 1995 में गायघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी रहे विजय कुमार सिंह उर्फ विजय बाबू का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन और गायघाट क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
निधन की सूचना मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उनके आवास पहुंचे। सभी ने पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा ओढ़ाकर और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि देने वालों में भाजपा प्रदेश मंत्री मुकेश कुमार शर्मा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार झा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार, जिला मंत्री बिकाऊ यादव, मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, जयप्रकाश गामी, सजागर साहनी, शशांक शेखर, पूर्व महामंत्री प्रवीण सिंह, सुनील झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


भाजपा नेताओं ने कहा कि विजय बाबू ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में संगठन के विभिन्न दायित्वों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया। वे कार्यकर्ताओं के लिए केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक अभिभावक और मार्गदर्शक थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा के शुरुआती दौर में गायघाट विधानसभा क्षेत्र में संगठन का जनाधार मजबूत करने में विजय बाबू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका निधन संगठन के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।