Advertisement

केरल में मजदूरी कर रहे युवक की मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

-केरल में मजदूरी कर रहे युवक की मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

-तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मुजफ्फरपुर: रोजी-रोटी की तलाश में केरल गए एक प्रवासी मजदूर की मौत की खबर से उसके गांव में मातम छा गया। मृतक की पहचान हरेंद्र सहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह केरल में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरेंद्र सहनी ने केरल में ही कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह किसी अज्ञात कारण से मानसिक रूप से परेशान था।

हालांकि, आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर जांच की जा रही है।
हरेंद्र सहनी अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सोमवार की सुबह जब हरेंद्र सहनी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सुंदरखौली पहुंचा तो पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। वहीं, मौत की वजह को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।