-मुजफ्फरपुर के वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े महिला गिरोह का दुस्साहस, PWD कर्मी की ढाई लाख की सोने की चेन काटकर फरार
मुजफ्फरपुर: शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े महिला उचक्कों के एक शातिर गिरोह ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। डीएम आवास और कचहरी रोड के पास ई-रिक्शा में सफर कर रही पीडब्ल्यूडी (PWD) की महिला कर्मी के गले से करीब ढाई लाख रुपये की सोने की चेन और लॉकेट काटकर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार पीड़िता बीना देवी पीडब्ल्यूडी के कंबाइंड बिल्डिंग कार्यालय में चपरासी के पद पर कार्यरत हैं। वह रोज की तरह अपने आवास छाता चौक/मारीपुर से ई-रिक्शा के जरिए कार्यालय जा रही थीं। रास्ते में गोलंबर के पास पांच-छह महिलाएं और एक बच्चा उसी ई-रिक्शा में सवार हो गए।
यात्रा के दौरान बच्चे ने अचानक उल्टी करने और तबीयत खराब होने का नाटक शुरू कर दिया। इसी बीच महिलाओं ने बीना देवी को चारों ओर से घेर लिया और धक्का-मुक्की कर उनका ध्यान भटका दिया।

मौका मिलते ही गिरोह की एक महिला ने ब्लेड या किसी धारदार हथियार से उनके गले में पहनी भारी सोने की चेन और लॉकेट काट लिया। पूरी वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि पीड़िता को इसकी भनक तक नहीं लगी।
कचहरी गेट के पास ई-रिक्शा से उतरकर जब बीना देवी अपने कार्यालय पहुंचीं, तब उन्हें गले से चेन गायब होने का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बीना देवी मूल रूप से वैशाली जिले के हाजीपुर अनुमंडल स्थित सुंदरी गांव की रहने वाली हैं और फिलहाल मुजफ्फरपुर में रहकर नौकरी करती हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध महिलाओं और ई-रिक्शा चालक की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
शहर के वीआईपी इलाके में हुई इस दुस्साहसिक घटना ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












